मनाना में मोबाइल टावर में लगी आग ; टला बड़ा हादसा,

0
IMG-20260626-WA0012

मनाना में मोबाइल टावर में लगी आग ; टला बड़ा हादसा,


बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही : आधे घंटे तक नहीं काटी बिजली


राजवीर सिंह | मनाना

मकराना। मनाना गांव में शनिवार रात बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक बड़े हादसे को जन्म देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। गांव में स्थित मोबाइल टावर की थ्री-फेज केबल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद ग्रिड सब-स्टेशन कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद नहीं की। इस दौरान टावर की लोहे की तारबंदी में करंट दौड़ता रहा और पास बैठे करीब 50 गोवंश मौत के मुहाने पर पहुंच गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट सर्किट के बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। जलती हुई केबल नीचे गिरने से टावर की पूरी तारबंदी करंट की चपेट में आ गई। हादसे के समय टावर के समीप बड़ी संख्या में गोवंश बैठे हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सभी पशुओं को वहां से सुरक्षित हटाया, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा टल गया।ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल ग्रिड सब-स्टेशन पर दी गई थी और बिजली आपूर्ति बंद करने की गुहार लगाई गई, लेकिन कर्मचारियों ने आपात स्थिति को भी गंभीरता से नहीं लिया। करीब आधे घंटे तक सप्लाई चालू रहने से आग और करंट का खतरा लगातार बना रहा। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी रोष है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती और कोई जनहानि हो जाती, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होती। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रदेश