मौसम का बदला मिजाज:हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम हुआ खुशनुमा, किसानों की बढ़ी उम्मीद
मौसम का बदला मिजाज:हल्की बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम हुआ खुशनुमा, किसानों की बढ़ी उम्मीद
वजीरपुर। मीना बड़ौदा सहित क्षेत्र में गुरुवार को मौसम का मिजाज दिन भर बदला-बदला रहा। सुबह से तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। चिपचिपी उमस से आमजन परेशान नजर आए तथा दिनभर गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। शाम तीन बजे बाद मीना बड़ौदा क्षेत्र सहित आस पास के क्षेत्र में हल्की बारिश हुई तथा ठंडी हवाएं चलने लगीं। बारिश की फुहारों और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम सुहावना होने पर लोग घरों से बाहर निकलकर खुले वातावरण का आनंद लेते दिखाई दिए। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई। क्षेत्र के किसान मुनेश मीना का कहना है कि यदि आगामी दिनों में अच्छी बारिश होती है तो खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि कार्यों में तेजी आएगी। हल्की बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। किसान अब मानसून की अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फसलों की बुवाई सुचारु रूप से की जा सके।
क्षेत्र में हुई इस हल्की बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के मन में बेहतर मानसून और अच्छी फसल की उम्मीद भी जगा दी है।
